राष्ट्रीय बहाई अधिवेशन 2025

National Bahai Convention 2025

भारत के बहाई समुदाय ने हाल ही में अपना राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया—यह एक महत्त्वपूर्ण वार्षिक सभा है जहाँ अनुयायी एकत्र होते हैं ताकि वे अपने राष्ट्रीय प्रशासनिक निकाय, जिसे राष्ट्रीय आध्यात्मिक सभा कहा जाता है, का चुनाव कर सकें। इस वर्ष का अधिवेशन 25 से 27 अप्रैल 2025 तक नई दिल्ली स्थित बहाई उपासना मंदिर में सम्पन्न हुआ। यह अधिवेशन देश के कोने-कोने से आए प्रतिनिधियों को एक साथ लाया। ये प्रतिनिधि पहले स्थानीय समुदायों द्वारा जिला अधिवेशनों में चुने गए थे और वे इस पवित्र कार्य को सम्पन्न करने आए थे—राष्ट्रीय नेतृत्व का चुनाव—प्रार्थना, चिंतन और एकता की भावना में।

बहाई चुनाव प्रणाली विशेष रूप से अनोखी है: इसमें न तो नामांकन होता है, न ही प्रचार-प्रसार या चुनावी होड़। मतदान गुप्त रूप से किया जाता है, जहाँ प्रत्येक प्रतिनिधि उन व्यक्तियों का चयन करता है जो उसकी दृष्टि में सत्यनिष्ठा, बुद्धिमत्ता, और सेवा की भावना जैसे गुणों को सर्वोत्तम रूप से दर्शाते हैं। इस प्रक्रिया में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा सामूहिक उद्देश्य के आगे स्थान छोड़ देती है। संस्थाओं में सेवाकार्य कर रहे सदस्य शक्ति के उपकरण के रूप में नहीं, बल्कि समुदाय की भलाई को पोषित करने और समाज की प्रगति को आगे बढ़ाने के लिए विनम्र माध्यम के रूप में देखे जाते हैं।

चुनाव के साथ-साथ, यह अधिवेशन प्रतिनिधियों के बीच गहन परामर्श का एक सशक्त मंच भी बना, जहाँ उन्होंने भारत भर में बहाई समुदाय द्वारा जीवंत और आध्यात्मिक रूप से सशक्त समुदायों के निर्माण के बढ़ते प्रयासों पर चिंतन किया। चर्चाओं में समुदाय निर्माण की पहलकदमियाँ, शैक्षिक कार्यक्रम, सामाजिक कार्य, समाज के विमर्शों में भागीदारी—और विशेष रूप से परिवार की निर्णायक भूमिका जैसे विषय शामिल थे। विश्व न्याय मंदिर द्वारा हाल ही में दिए गए मार्गदर्शन के आधार पर प्रतिनिधियों ने इस बात पर विचार किया कि परिवार समाज की मूल इकाई है—एक “सूक्ष्म राष्ट्र”—जहाँ व्यक्ति सबसे पहले एकता, सहयोग और सेवा जैसे मूल्यों को सीखते हैं। यह ज़ोर दिया गया कि परिवार के भीतर संबंधों को सुदृढ़ करना, धर्म की समाज-निर्माण क्षमताओं को उजागर करने और एक न्यायपूर्ण तथा एकजुट विश्व के निर्माण में योगदान देने के व्यापक प्रयास से अविभाज्य है।

2025-26 के लिए राष्ट्रीय आध्यात्मिक सभा में निम्नलिखित मित्रों का चयन हुआ है:
सुश्री नाज़नीन रोहानी
श्री दिनेश राव
डॉ. ललिता शर्मा अनंत
श्री लतीफ़ रशीद
डॉ. मंगेश तेली
डॉ. एलहम मोहाजर
डॉ. आर. पी. सिंह
डॉ. मयूरी मोहाजर
सुश्री मार्था मोग़बेलपूर