अंतरधार्मिक गोलमेज बैठक ने ईरान में बहाईयों के साथ अधिक एकजुटता का आह्वान किया

The Booton my neck 11

नई दिल्ली, 15 मई 2026: ‘बहाईज़ ऑफ़ इंडिया’ (भारतीय बहाई समुदाय) के सार्वजनिक मामलों के कार्यालय द्वारा आयोजित “अंतरात्मा की आवाज़: ईरान में बहाईयों की स्थिति पर अंतरधार्मिक विमर्श” नामक एक गोलमेज बैठक के लिए नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में विभिन्न धार्मिक परंपराओं के धार्मिक नेता, विद्वान, राजनयिक और प्रतिनिधि एकत्रित हुए।

अपने उद्घाटन भाषण में, बहाईज़ ऑफ़ इंडिया के सार्वजनिक मामलों के कार्यालय की निदेशक श्रीमती नीलाक्षी राजखोवा ने ईरान में बहाई समुदाय द्वारा झेली जा रही लंबे समय से चली आ रही प्रताड़ना पर प्रकाश डाला और मानवीय गरिमा, न्याय और अंतरात्मा की स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की नैतिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।

इस सभा के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “आज का यह विमर्श केवल एक समुदाय या एक देश की स्थिति के बारे में नहीं है। यह इस बारे में है कि हम किस तरह की दुनिया का निर्माण करना चाहते हैं – एक ऐसी दुनिया जहाँ अंतरात्मा की स्वतंत्रता सुरक्षित हो, विविधता को ताकत के स्रोत के रूप में स्वीकार किया जाए, और किसी भी समाज का दुख पूरी मानवता की चिंता बन जाए।”

मुख्य भाषण देते हुए, भारत सरकार के राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री इकबाल सिंह लालपुरा ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान में बहाईयों का उत्पीड़न केवल एक धार्मिक समुदाय का नहीं, बल्कि समग्र रूप से पूरी मानवता का मामला है।

उन्होंने आगे कहा, “ईरान में बहाईयों का मुद्दा केवल एक बहाई मुद्दा नहीं है। यह एक मानवीय मुद्दा है। यह न्याय, गरिमा और सार्वभौमिक मानवाधिकारों का सवाल है। लोकतंत्र की सच्ची परीक्षा यह है कि अल्पसंख्यक कितने सुरक्षित महसूस करते हैं—न केवल कानूनी रूप से, बल्कि भावनात्मक और सामाजिक रूप से भी”।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि आधुनिक दुनिया में शांति स्थापना के लिए अंतरधार्मिक संवाद बेहद आवश्यक है। “जब धार्मिक नेता एक साथ बैठते हैं, तो समाज अधिक सुरक्षित बनते हैं। जब धार्मिक समुदाय सहयोग करते हैं, तो उग्रवाद कमजोर होता है। जब अंतरात्मा सामूहिक रूप से बोलती है, तो अन्याय अपनी वैधता खो देता है।”

इस सत्र की अध्यक्षता सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी, पुणे के प्रोफेसर राजदूत के. पी. फेबियन ने की, जिन्होंने रेखांकित किया कि अंतरधार्मिक जुड़ाव को केवल प्रतीकात्मकता से आगे बढ़कर नैतिक जागरूकता और रचनात्मक कार्रवाई में योगदान देना चाहिए।

प्रतिभागियों में डॉ. ख्वाजा इफ्तिखार अहमद, संस्थापक, इंटरफेथ फाउंडेशन ऑफ इंडिया; रब्बाई एज़ेकिएल आइजैक मालेकर, मुख्य पुजारी, जुडाह हयाम सिनेगॉग; फादर नोर्बर्ट हरमन एसवीडी, कैथोलिक महाधर्मप्रांत, दिल्ली; श्री संजय जैन, महासचिव, एआईसीआई; बी.के. सिस्टर हुसैन, ब्रह्माकुमारीज़; आचार्य येशी फुंतसोक, बौद्ध समुदाय के प्रतिनिधि; श्री वारिस हुसैन, जमात-ए-इस्लामी हिंद; श्री मरज़बान ज़ाईवाला, पारसी समुदाय; रेवरेंड फादर अकीरा आइजैक और आचार्य सत्येंद्र नारायण शामिल थे।

प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ईरान में बहाईयों द्वारा सामना किए जा रहे निरंतर उत्पीड़न पर गहरी चिंता व्यक्त की, जिसमें उच्च शिक्षा और रोजगार से वंचित करना, संपत्तियों की जब्ती, मनमानी गिरफ्तारियां, कब्रिस्तानों और पवित्र स्थानों को नष्ट करना, आजीविका पर प्रतिबंध और नफरत फैलाने वाले प्रचार के अभियान शामिल हैं।

कई वक्ताओं ने उल्लेख किया कि बहाईयों का उत्पीड़न न केवल मानवाधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि सह-अस्तित्व, विविधता और मानवीय गरिमा के उन सिद्धांतों पर भी हमला है जिन्हें सभी धर्म मानते हैं।

पूरी गोलमेज बैठक के दौरान, प्रतिभागियों ने बार-बार इस बात की पुष्टि की कि ईरान में बहाईयों के कष्टों को अलग करके नहीं देखा जा सकता, बल्कि इसे सभी लोगों के लिए विश्वास की स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की रक्षा करने की व्यापक वैश्विक चुनौती के हिस्से के रूप में समझा जाना चाहिए।

ईरान में बहाई समुदाय द्वारा दशकों के उत्पीड़न के बावजूद दिखाए गए रचनात्मक लचीलेपन और धैर्य की भी सामूहिक रूप से सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि व्यवस्थित उत्पीड़न के बावजूद, बहाईयों ने शिक्षा, सेवा, समुदाय-निर्माण और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के माध्यम से समाज में अपना योगदान देना जारी रखा है।

इस विमर्श के दौरान एक और मजबूत भावना यह उभर कर आई कि उत्पीड़न के सामने चुप्पी केवल अन्याय को गहरा करती है। विभिन्न धार्मिक परंपराओं के प्रतिभागियों ने इस बात पर जोर दिया कि ईरान में बहाईयों के कष्टों को हर जगह के विवेकशील लोगों के भीतर एक सामूहिक नैतिक प्रतिक्रिया जगानी चाहिए। कई वक्ताओं ने विचार व्यक्त किया कि धार्मिक अल्पसंख्यकों के अधिकारों और गरिमा की रक्षा करना केवल एक समुदाय के साथ एकजुटता दिखाना नहीं है, बल्कि स्वयं समाज की आध्यात्मिक और नैतिक नींव की रक्षा करना है। यह एक साझा भावना थी कि विविधता मानवता के लिए ताकत का स्रोत है और समाज तब फलते-फूलते हैं जब सभी समुदाय स्वतंत्र रूप से योगदान देने और बिना किसी डर के जीने में सक्षम होते हैं। कई प्रतिभागियों ने यह भी नोट किया कि आज की दुनिया में पूर्वाग्रह, उग्रवाद और अमानवीयकरण का मुकाबला करने के लिए अंतरधार्मिक एकता और निरंतर संवाद आवश्यक हैं।

विमर्श के समापन पर, प्रतिभागियों द्वारा सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया। यह प्रस्ताव सामूहिक एकजुटता की अभिव्यक्ति के रूप में संबंधित अधिकारियों और प्रासंगिक संस्थानों के साथ साझा किया जाएगा, जिसमें ईरान में बहाईयों के लिए न्याय, विश्वास की स्वतंत्रता की रक्षा, और प्रत्येक व्यक्ति की अंतर्निहित गरिमा व मानवाधिकारों को सुरक्षित करने का आह्वान किया गया है।